जन्म के समय बछड़े के मुख में, निचले जबड़े में दो दाँत दिखाई दे सकते हैं। जन्म से एक माह के अन्दर आठों अस्थायी काटने वाले दाँत निचले जबड़े में निकल आते हैं। जन्म से एक महीने के अन्दर ही सभी 12 अग्रचर्वण भी निकल आते हैं, लेकिन चर्वण दाँत नहीं निकलते हैं। ये चर्वण दांत स्थायी ही निकलते हैं। स्थायी चर्वण दाँतों का पहला, दूसरा एवं तीसरा जोड़ा अर्थात् कपोल दाँतों का चौथा, पाँचवां और छठा जोड़ा क्रमशः 6 माह, 1 वर्ष तथा 2 वर्ष की आयु में निकलता है। जब चर्वण दाँतों का तीसरा जोड़ा यानि कपोल दाँतों का छठा जोड़ा 2 वर्ष की उम्र में निकलता है, तब तक सभी अस्थायी कर्तन दन्त गिर जाते हैं।