चुनावी राजनीति — सामाजिक अध्ययन कक्षा 9 — Question
CBSE Boardहिन्दी माध्यमकक्षा 9सामाजिक अध्ययनचुनावी राजनीति5 Marks
Question
भारत की निर्वाचन प्रक्रिया का संक्षेप में वर्णन करें।
✓
Answer
निर्वाचन प्रक्रिया
(1) निर्वाचन क्षेत्र का निर्धारण-भारत में लोकसभा और विधानसभाओं के चुनाव हर पांच साल बाद होते हैं। यहाँ क्षेत्र विशेष पर आधारित प्रतिनिधित्व की प्रणाली अपनायी गई है। चुनाव के उद्देश्य से देश को अनेक निर्वाचन क्षेत्रों में बांट लिया गया है। प्रत्येक क्षेत्र में रहने वाले मतदाता अपने एक प्रतिनिधि का चुनाव करते हैं । संविधान में अनुसूचित जातियों तथा अनुसूचित जनजातियों के लोगों के लिए आरक्षित क्षेत्रों की व्यवस्था भी की गई है।
(2) मतदाता सूची का निर्माण-चुनाव की प्रक्रिया चुनाव की तिथियों की घोषणा के साथ प्रारम्भ हो जाती है। एक बार जब निर्वाचन क्षेत्र का फैसला हो जाता है तब उस क्षेत्र के मतदाताओं की नवीनतम सूची का निर्माण किया जाता है। हमारे देश में 18 वर्ष और उससे ऊपर के सभी नागरिकों को मत डालने का अधिकार है। निर्वाचन आयोग ने फर्जी मतदान को रोकने तथा स्वतंत्र व निष्यक्ष चुनाव कराने की दृष्टि से मतदान हेतु मतदाताओं के लिए फोटो पहचान पत्र जारी किये हैं तथा इलैक्ट्रोनिक वोटिंग मशीनों का प्रयोग जारी किया है। वोट देने के लिए मतदाता फोटो युक्त राशन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे पहचान पत्र भी दिखा सकते हैं।
(3) उम्मीदवारों का नामांकन-भारत में 25 वर्ष की आयु या उससे अधिक आयु का कोई भी नागरिक उम्मीदवार बन सकता है। चुनाव लड़ने के इच्छुक हर एक उम्मीदवार को एक नामांकन पत्र भरना पड़ता है तथा कुछ राशि जमानत के रूप में जमा करानी पड़ती है। प्रत्येक उम्मीदवार को अपने खिलाफ चल रहे गंभीर आपराधिक मामलों, अपनी सम्पत्ति तथा परिवार की सम्पत्ति व देनदारियों का ब्यौरा एवं अपनी शैक्षणिक योग्यता के विवरण देने होते हैं। चुनाव आयोग उन नामांकन पत्रों की जांच करता है और उन्हें इस आधार पर स्वीकार या रद्द करता है।
(4) चुनाव अभियान-हमारे देश में उम्मीदवारों की अंतिम सूची की घोषणा होने और मतदान की तारीख के बीच प्रायः दो सप्ताह का समय चुनाव प्रचार के लिए दिया जाता है।
(5) मतदान और मतगणना और परिणामों की घोषणा-चुनाव के आखिरी चरण में मतदाता सूची में नाम वाला हर व्यक्ति अपना पहचान पत्र लेकर मतदान केन्द्र में जाता है और मतदान दल को अपनी पहचान स्पष्ट करते हुए इलैक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन में मतदान करता है।
मतदान हो जाने के बाद सभी वोटिंग मशीनों को सीलबंद करके एक निर्धारित सुरक्षित जगह पर पहुंचा दिया जाता है। फिर एक तय तारीख को मशीनों को खोलकर सभी दलों के एजेंटों के समक्ष मतगणना की जाती है। किसी चुनाव क्षेत्र में सबसे ज्यादा मत पाने वाले उम्मीदवार को विजयी घोषित कर दिया जाता है।
Need a full question paper?
Generate a complete, print-ready paper with questions like this in minutes — across 16+ boards, with answer keys.