सभ्यता से आशय-सामान्यतः सभ्यता शब्द का प्रयोग मानव समाज के उन्नत चरण के लिए किया जाता है। एक सभ्यता में कम से कम निम्नलिखित विशेषताएं होनी चाहिए
(1) शासन और प्रशासन का कोई रूप-जटिल समाज और उसके अनेक कार्यकलापों के प्रबंधन हेतु शासन तथा प्रशासन का होना आवश्यक है।
(2) नगरीकरण-एक सभ्यता में नगरीकरण का होना पाया जाता है। इसके अन्तर्गत नगर योजना, नगरों का विकास और उनका प्रबंधन, जिसमें सामान्यतः जल प्रबंधन और जल निकास की व्यवस्था आती है।
(3) विभिन्न प्रकार के शिल्प-एक सभ्यता में विभिन्न प्रकार के शिल्प पाए जाते हैं, जैसे-कच्चे माल का प्रबंधन और तैयार माल का उत्पादन, जैसे-पत्थर और धातु का प्रबंधन करके उसके आभूषण एवं उपकरणों का उत्पादन करना। (4) व्यापार-सभ्यता की एक अन्य विशेषताए-व्यापार का होना है। इसके अन्तर्गत सभी प्रकार की वस्तुओं के आदान-प्रदान के लिए एक नगर अथवा क्षेत्र के अन्दर और विश्व के अन्य भागों के साथ व्यापार किया जाता है।
(5) लेखन का कोई रूप-एक सभ्यता में अभिलेखों को रखने और संवाद् बनाने के लिए लेखन के किसी रूप का होना भी आवश्यक है।
(6) जीवन और विश्व के बारे में सांस्कृतिक विचार-एक सभ्यता में कला, स्थापत्य, साहित्य, श्रुति परम्पराओं और सामाजिक रीति रिवाजों के माध्यम से जीवन और विश्व के बारे में एक सांस्कृतिक विचार भी पाया जाता है।
(7) कृषि उत्पादकता-सभ्यता की एक अन्य विशेषता कृषि की इतनी उत्पादकता का होना आवश्यक होता है जो गाँवों के साथ-साथ नगरों को भी भोजन उपलब्ध करा सके।