अनुशासन का सिद्धान्त-अनुशासन से अभिप्राय संगठन के कार्य करने के लिए आवश्यक नियम एवं नौकरी की शर्तों के पालन करने से है। अनुशासन वह शक्ति है जो किसी व्यक्ति या समूह को निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए नीतियों, नियमों एवं पद्धतियों का पालन करने के लिए प्रेरित करती है। अनुशासन से कर्मचारियों में आज्ञाकारिता, व्यवहार, आदर की भावना का विकास होता है। फेयोल के अनुसार, "अनुशासन बनाये रखने के लिए प्रबन्ध के सभी स्तरों पर योग्य एवं अनुभवी प्रबन्धक होने चाहिए और उनको पूर्ण निरपेक्षता से कार्य करना चाहिए।" फेयोल के अनुसार, अनुशासन स्थापित करने के लिए निम्न प्रयास किये जाने चाहिए-(1) संगठन के सभी स्तरों पर योग्य एवं अच्छे पर्यवेक्षक नियुक्त किये जायें, (2) संगठन एवं कर्मचारियों के बीच निष्पक्ष समझौता होना चाहिए, (3) दोषी कर्मचारियों को सजा देने में निष्पक्षता होनी चाहिए।