प्रत्यक्ष भर्ती-प्रत्यक्ष भर्ती के अन्तर्गत संस्था के सूचनापट्ट पर एक अधिसूचना लगायी जाती है, जिसमें संस्था के रिक्त पदों का विवरण दिया जाता है। संस्था में कार्य पाने के इच्छुक, संस्था के बाहर एक सुनिश्चित तिथि पर एकत्रित होते हैं तथा उनके चयन की प्रक्रिया उसी स्थान पर की जाती है। भर्ती का यह स्रोत उन आकस्मिक पदों के लिए काम में लिया जाता है जहाँ अप्रशिक्षित अथवा अर्द्ध-कुशल कर्मचारियों की आवश्यकता होती है। ऐसे कर्मचारी प्रायः 'आकस्मिक' अथवा 'बदली' कर्मचारियों के नाम से जाने जाते हैं तथा इन्हें पारिश्रमिक प्रतिदिन/दिहाड़ी मजदूरी के अनुसार दी जाती है। भर्ती का यह एक कम खर्चीला तरीका है क्योंकि इसमें भर्ती के लिए विज्ञापन पर कोई लागत नहीं आती है। आकस्मिक रिक्त पदों को भरने के लिए, जब कार्य का दबाव ज्यादा होता है अथवा जब स्थायी कर्मचारी अनुपस्थित या अवकाश पर हों, यह विधि अत्यन्त उपयुक्त है।