असमानता और भेदभाव दो भिन्न भिन्न संकल्पनाएँ हैं। लेकिन दोनों एक - दूसरे से घनिष्ट रूप से संबंधित हैं। असमानता जाति, वंश, संस्कृति, भाषा, क्षेत्र, आर्थिक स्थिति, शैक्षिक पृष्ठभूमि आदि की भिन्नता के आधार पर हो सकती है। भेदभाव तब होता है जब कोई व्यक्ति दूसरे व्यक्ति या समुदाय से उक्त किसी असमानता के आधार पर उनके विरुद्ध कार्य करता है। किसी का इस भेदभाव के आधार पर शोषण करना, उसको नीचा दिखाना, उसे दूसरे कार्य न करने देना आदि सभी भेदभाव के उदाहरण हैं। भेदभाव विविधता के आधार पर तब होता है जब लोग अपने से भिन्न प्रथाओं और रिवाजों को निम्न कोटि का मानते हैं और यह असमानता के आधार पर तब होता है जब किसी के पास मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए आवश्यक साधन व धन नहीं होता। जनजातीय लोगों, धार्मिक समूहों आदि को विविधता और असमानता दोनों आधारों पर होने वाले भेदभाव का सामना करना पड़ता है।