मोटरगाड़ी उद्योग-मोटरगाड़ी यात्रियों तथा सामान के तीव्र परिवहन के साधन हैं । देश में विभिन्न केन्द्रों पर ट्रक, बस, कार, मोटर साइकिल, स्कूटर, तिपहिया तथा बहुउपयोगी वाहन बनाए जाते हैं। उदारीकरण के उपरान्त प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के साथ नवीन प्रौद्योगिकी के उपयोग से यह उद्योग विश्वस्तरीय विकास के स्तर पर आ गया है। वर्तमान में नये और आधुनिक मॉडल के वाहनों का बाजार तथा वाहनों की माँग बढ़ी है जिससे इस उद्योग में विशेषकर कार, दोपहिया तथा तिपहिया वाहनों में अपार वृद्धि हुई है। यह उद्योग दिल्ली, गुड़गाँव, मुम्बई, पुणे, चेन्नई, कोलकाता, लखनऊ, इन्दौर, हैदराबाद, जमशेदपुर तथा बंगलौर के आसपास स्थित है।