सामग्रियों में विभिन्न गुण पाये जाते हैं, जो उनके उपयोग के लिए महत्त्वपूर्ण होते हैं। इनमें से प्रमुख गुण हैं-
(1) दिखावट- विभिन्न सामग्रियों की दिखावट भिन्न- भिन्न होती है। कुछ सामग्रियों की सतह चमकदार होती है उनका स्वरूप द्युतिमय (चमकदार) होता है, जैसे-धातुएँ जबकि कुछ सामग्रियाँ द्युतिहीन (चमकहीन) होती है, जैसे- कागज, लकड़ी आदि।
(2) कठोर एवं नरम - कुछ सामग्रियों को आसानी से दबाया या खरोंचा जा सकता है, वे नरम होती हैं जबकि अन्य सामग्रियाँ जिन्हें दबाना या खरोंचना कठिन होता है, वे कठोर होती हैं।
(3) घुलनशीलता - वे सामग्रियाँ जो जल में मिलाने पर पूर्णतः अदृश्य हो जाती है या घुल जाती है, जल में घुलनशील कहलाती हैं जैसे- चीनी, जबकि कुछ सामग्रियाँ जल में नहीं घुलती और बहुत देर तक घोलने पर भी अदृश्य नहीं होती है। इन्हें अघुलनशील सामग्री कहते हैं, जैसे- बालू ।
(4) पारदर्शिता - जिन सामग्रियों के आर-पार देखा जा सकता है उन्हें पारदर्शी कहा जाता है। जैसे- काँच, जल, हवा आदि। अधिकांश सामग्रियाँ ऐसी है, जिनके आर-पार नहीं देख पाते, उन्हें अपारदर्शी कहा जाता है, जैसे-लकड़ी, गत्ता और धातुएँ। वे सामग्रियाँ जिनके आर-पार स्पष्ट नहीं देखा जा सकता उन्हें पारभासी सामग्री कहते हैं; जैसे- बटर पेपर और फ्रॉस्टेड काँच आदि।