Question
दैनिक जीवन में समाचार-पत्र का महत्त्व

Answer

समाचार-पत्र-एक सामाजिक कड़ी समाचार-पत्र वह कडी है जो हमें शेष दनिया से जोड़ती है। जब हम समाचार-पत्र में देश-विदेश की खबरें पढ़ते हैं तो हम पूरे विश्व के अंग बन जाते हैं।
लोकतंत्र का प्रहरी समाचार-पत्र लोकतंत्र का सच्चा पहरेदार है। उसी के माध्यम से लोग अपनी इच्छा, विरोध और आलोचना प्रकट करते हैं। नेपोलियन ने कहा था “में लाखों संगीनों की अपेक्षा तीन विरोधी समाचार-पत्रों से अधिक भयभीत रहता हूँ।” समाचार-पत्र जनमत तैयार करते हैं।
प्रचार का सशक्त माध्यम आज प्रचार का युग है। यदि आप अपने माल को, अपने विचार को, अपने कार्यक्रम को या अपनी रचना को देशव्यापी बनाना चाहते हैं तो समाचार-पत्र का सहारा लें। समाचार-पत्र के माध्यम से रातों-रात लोग नेता बन जाते हैं या चर्चित व्यक्ति बन जाते हैं। यदि किसी घटना को अखबार की मोटी सुर्खियों में स्थान मिल जाए तो वह घटना सारे देश का ध्यान अपनी ओर खींच लेती है।
व्यापार को फैलाव समाचार-पत्र व्यापार को बढ़ाने में परम सहायक सिद्ध हुए हैं। विज्ञापन की सहायता से व्यापारियों का माल देश में ही नहीं विदेशों में भी बिकने लगता है। रोजगार पाने के लिए भी अखबार उत्तम साधन है। हर बेरोजगार का सहारा अखबार में निकले नौकरी के विज्ञापन होते हैं। व्यापारी नित्य के भाव देखने के लिए तथा शेयरों का मूल्य जानने के लिए अखबार का मुँह जोहते हैं।
ज्ञान-वृद्धि का साधन – जे. पार्टन का कहना है-‘समाचार-पत्र जनता के लिए विश्वविद्यालय हैं।’ उनसे हमें केवल देश-विदेश की गतिविधियों की जानकारी ही नहीं मिलती, अपितु महान विचारकों के विचार भी पढ़ने को मिलते हैं। उनसे विभिन्न त्योहारों और महापुरुषों का महत्त्व पता चलता है। महिलाओं को घर-गृहस्थी संभालने के नए-नए नुस्खे पता चलते हैं। प्रायः अखबार में ऐसे कई स्थायी स्तंभ होते हैं जो हमें विभिन्न जानकारियाँ देते हैं।
मनोरजन का साधन – आजकल अखबार मनोरंजन के क्षेत्र में भी आगे बढ़ चले हैं। उसमें नई-नई कहानियाँ, किस्से, कविताएँ तथा अन्य बालोपयोगी साहित्य छपता है। दरअसल, आजकल समाचार-पत्र बहुमुखी हो गया है। उसमें चलचित्र, खेलकूद, दूरदर्शन, भविष्य-कथन, मौसम आदि. की अनेक जानकारियाँ मिलती हैं।
जन-सुविधा- समाचार-पत्र के माध्यम से आप मनचाहे वर-वधू ढूँढ सकते हैं। अपना मकान, गाड़ी, वाहन खरीद-बेच सकते हैं। खोए हुए बंधु को बुला सकते हैं। अपना परीक्षा परिणाम जान सकते हैं। इस प्रकार समाचार-पत्रों का महत्त्व बहुत अधिक हो गया है।

Need a full question paper?

Generate a complete, print-ready paper with questions like this in minutes — across 16+ boards, with answer keys.

Start Generating Free