नियुक्तिकरण का अर्थ-नियुक्तिकरण का अर्थ लोगों को कार्यरत करना है। यह कार्य मानव संसाधन के नियोजन से प्रारम्भ होता है तथा इसमें अन्य कार्य, जैसे-भर्ती, चयन, प्रशिक्षण, विकास, पदोन्नति, क्षतिपूर्ति एवं कार्यबल निष्पादन मूल्यांकन (आकलन) सम्मिलित हैं। अन्य शब्दों में, नियुक्तिकरण प्रबन्ध प्रक्रिया का वह भाग है जो सन्तुष्टि एवं सन्तुष्ट करने वाले कार्यबल के प्राप्तिकरण, उपयोग एवं रख-रखाव से सम्बन्धित है। वर्तमान में, नियुक्तिकरण के अन्तर्गत कर्मचारियों के संयोजन में दैनिक श्रमिक, सलाहकार एवं अनुबन्धित कर्मचारियों को सम्मिलित किया जा सकता है। नियुक्तिकरण किसी संगठन द्वारा नियुक्त किये गये प्रत्येक व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से मान्यता प्रदान करता है, जो कि अन्ततः कार्य निष्पादित करता है। वस्तुतः व्यावसायिक संगठन में नियुक्तिकरण को भर्ती करने एवं कर्मचारियों की संख्या पूरी रखने से सम्बन्धित प्रबन्धकीय कार्य करने के रूप में वर्णित किया जा सकता है।