अच्छे/सफल नेता के गुण-
1. शारीरिक विशेषताएँ-किसी भी व्यक्ति के शारीरिक व्यक्तित्व का निर्धारण उसकी कुछ शारीरिक विशेषताएँ जैसे कद, वजन, स्वास्थ्य, रूप-रंग/उपस्थिति करती हैं। ऐसा माना जाता है कि अच्छी शारीरिक विशेषताएँ लोगों को आकर्षित करती हैं। स्वास्थ्य तथा सहनशीलता एक नेता को मेहनतपूर्वक कार्य करने में सहायता देती है जो दूसरों को उसी उत्साह तथा लगन से कार्य करने के लिए उत्प्रेरित करती है। अतः एक अच्छे नेता में इस प्रकार के शारीरिक गुण होने चाहिए।
2. ज्ञान तथा कौशल-एक अच्छे नेता में आवश्यक ज्ञान तथा कौशल अवश्य होना चाहिए। केवल ऐसे ही व्यक्ति अपने अधीनस्थों को सही रूप से आदेश दे सकते हैं तथा प्रभावित कर सकते हैं।
3. सत्यनिष्ठा/ईमानदारी-एक अच्छा नेता तब ही कहलाता है जबकि उसमें उच्च स्तर की सत्य निष्ठा तथा ईमानदारी हो। वह दूसरों के लिए अर्थात् अपने अनुयायियों के लिए आदर्श होना चाहिए। उसे नैतिकता तथा मूल्यों का प्रचारक होना चाहिए।
4. सम्प्रेषण कौशल-एक अच्छा नेता वही माना जाता है जिसमें सम्प्रेषण कौशल हो। उसमें अपने विचारों को स्पष्ट समझाने की योग्यता होनी चाहिए तथा यह भी कि लोग उसके विचारों को समझ सकें। उसे केवल एक अच्छा वक्ता ही नहीं होना चाहिए वरन् एक अच्छा श्रोता, शिक्षक, परामर्शक तथा विश्वसनीय भी होना चाहिए कि वह सबसे काम करवा सके।
5. पहल-एक अच्छा या सफल नेता वही माना जाता है जिसमें साहस तथा पहल शक्ति/नेतृत्व का गुण हो। उसमें सुअवसरों को हथियाने का गुण होना चाहिए।
6. अभिप्रेरण कौशल-एक अच्छे या सफल नेता में अभिप्रेरण कौशल का भी गुण होता है। उसमें लोगों की आवश्यकताओं को समझने तथा उनकी आवश्यकताओं की सन्तुष्टि द्वारा उन्हें प्रेरित करने का गुण भी होना चाहिए।
7. आत्म-विश्वास-एक सफल नेता में उच्च-स्तर का आत्म-विश्वास होता है। इस गुण के कारण ही वह अत्यन्त कठिन समय में अपना विश्वास नहीं खोता है।
8. निर्णय लेने की क्षमता-एक अच्छा या सफल नेता वही कहलाता है जिसमें समय पर उचित निर्णय लेने की क्षमता हो। निर्णय लेने में उसे टालमटोल नहीं होना चाहिए।
9. सामाजिक कौशल-एक अच्छे नेता में सबके साथ मिल-जुलकर चलने तथा सहकर्मियों तथा अनुयायियों से मैत्रीपूर्ण व्यवहार रखने का गुण भी होता है।