भारत में वन और वन्य जीवन के संरक्षण के लिए सही नीति की आवश्यकता होने के प्रमुख कारण निम्नलिखित हैं-
(1) जैव विविधता कम होना-भारत में जैव विविधता को कम करने वाले कारकों में वन्य जीव के आवास का विनाश, जंगली जानवरों को मारना व आखेटन, पर्यावरणीय प्रदूषण व विषाक्तिकरण तथा दावानल आदि शामिल हैं। पर्यावरण विनाश के अन्य मुख्य कारकों में संसाधनों का असमान बंटवारा व उनका असमान उपभोग और पर्यावरण के रख-रखाव की जिम्मेदारी में असमानता शामिल है।
(2) जनसंख्या वृद्धि-आमतौर पर विकासशील देशों में पर्यावरण विनाश का मुख्य दोषी अत्यधिक जनसंख्या को माना जाता है। यद्यपि यह सही नहीं है। विकसित देशों में प्रति नागरिक औसत संसाधन उपभोग विकासशील देशों के प्रति नागरिक औसत संसाधन उपभोग से अधिक है।
(3) प्राकृतिक वनों का ह्रास-वर्तमान समय में भारत के आधे से अधिक प्राकृतिक वन लगभग खत्म हो चुके हैं । एक-तिहाई जलमग्न भूमि सूख चुकी है, 70 प्रतिशत धरातलीय जल क्षेत्र प्रदूषित है, 40 प्रतिशत मैंग्रोव क्षेत्र लुप्त हो चुका है और जंगली जानवरों के शिकार और व्यापार तथा वाणिज्य की दृष्टि से मूल्यवान पेड़-पौधों की कटाई के कारण हजारों की संख्या में वनस्पति और वन्य जीव जातियाँ लुप्त होने के कगार पर पहुँच गई हैं।
(4) सांस्कृतिक विविधता का विनाश होना-जैव संसाधनों का विनाश सांस्कृतिक विविधता के विनाश से भी जुड़ा हुआ है। जैव विनाश के कारण अनेक मूल जातियाँ और वनों पर आधारित समुदाय निर्धन होते जा रहे हैं तथा आर्थिक रूप से हाशिये पर पहुँच गये हैं। ये समुदाय खाने, पीने, संस्कृति, अध्यात्म इत्यादि के लिए वनों और वन्य जीवों पर निर्भर हैं।
(5) प्रतिकूल परिस्थितियाँ उत्पन्न होना वनों की कटाई के परोक्ष परिणाम यथा सूखा और बाढ़ भी गरीब वर्ग के लोगों को सबसे अधिक प्रभावित करते हैं। इस स्थिति में गरीबी, पर्यावरणं निम्नीकरण का सीधा परिणाम होता है। भारतीय उपमहाद्वीप में वन और वन्य जीवन मानव जीवन के लिए बहुत कल्याणकारी है।।
उपर्युक्त कारणों से यह बहुत आवश्यक है कि भारत में वन और वन्य जीवन के संरक्षण के लिए सही नीति अपनाई जावे।