पृथ्वी पर लगभग तीन चौथाई भाग पर जल पाया जाता है; किन्तु उसमें से अधिकांश महासागरों का लवणीय जल है जो मानवीय उपयोग के लिए उपयुक्त नहीं है। अलवणीय जल मात्र 2.7 प्रतिशत है, जिसका भी लगभग 70 प्रतिशत भाग बर्फ की चादरों और हिमानियों के रूप में अंटार्कटिका, ग्रीनलैण्ड तथा पर्वतीय प्रदेशों में पाया जाता है। केवल एक प्रतिशत अलवणीय जल ही मानव उपयोग के लिए उपलब्ध है, अतः अलवणीय जल पृथ्वी का सबसे अधिक मूल्यवान पदार्थ है।