विश्व में अलवणीय जल बहुत कम मात्रा में उपलब्ध है अतः विश्व के कई देशों में जल की कमी है। अधिकांश अफ्रीका, पश्चिमी एशिया, दक्षिणी एशिया, पश्चिमी संयुक्त राज्य अमेरिका के भाग, उत्तर-पश्चिमी मैक्सिको, दक्षिणी अमेरिका के भाग और सम्पूर्ण आस्ट्रेलिया अलवणीय जल की आपूर्ति की कमी का सामना कर रहे हैं। ये देश ऐसे जलवायु प्रदेशों में स्थित हैं जहाँ अक्सर सूखा पड़ता है, अतः वहाँ पर जलाभाव की विकट समस्या बनी हुई है। विश्व के विभिन्न देशों में अति उपयोग तथा जल स्रोतों के प्रदूषण के कारण भी जल का अभाव उत्पन्न हो रहा है।