नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकार
नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों का वर्णन निम्नलिखित बिन्दुओं के अन्तर्गत किया गया है-
1. राजनैतिक अधिकार- लोकतांत्रिक शासनों में नागरिकों को मत देने, चुनाव लड़ने तथा राजनैतिक संगठन बनाने का अधिकार होता है। लोगों को अपने शासक चुनने का अधिकार और शासकों पर नियंत्रण बरकरार रखने का अधिकार होता है अर्थात् एक नियमित अन्तराल के बाद निर्वाचन की व्यवस्था होती है।
लोकतांत्रिक शासनों में नागरिकों को निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी का अधिकार होना चाहिए ताकि सरकार लोगों के प्रति उत्तरदायी बनी रहे तथा लोगों की जरूरतों और उम्मीदों पर ध्यान दे।
2. सूचना पाने का अधिकार- लोकतंत्र में नागरिकों को शासन के कामकाज के प्रति सूचना प्राप्त करने का अधिकार होता है। अगर कोई नागरिक यह जानना चाहे कि फैसले लेने में नियमों का पालन हुआ है या नहीं, तो वह इसका पता कर सकता है।
3. अल्पसंख्यकों की शासन में भागीदारी का अधिकार-लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को किसी न किसी अवसर पर बहुमत का हिस्सा बनने का अवसर होता है। यहाँ अल्पसंख्यकों को समान रूप से शासन में भागीदारी का अधिकार होता है।
4. गरिमा और स्वतंत्रता का अधिकार-लोकतांत्रिक सरकारें नागरिकों को गरिमा और स्वतंत्रता का अधिकार भी प्रदान करती हैं।