राजस्थान में सभ्यता के अनेक प्राचीन स्थल हैं। इनमें से प्रमुख हैं कालीबंगा, आघाटपुर या आहड़, बालाथल, गणेश्वर, बैराठ आदि। इनमें से दो का संक्षिप्त वर्णन निम्न प्रकार है
1. कालीबंगा-यह हनुमानगढ़ जिले में घग्घर नदी के किनारे स्थित है। यहाँ खुदाई में सिंधु-सरस्वती सभ्यता काल का एक नगर मिला है जिसके मकानों में इंटों का प्रयोग किया गया है। गन्दे पानी के निकास के लिए नालियाँ बनी हुई हैं तथा अग्निकुण्ड (वेदिकाएँ) भी मिले हैं। यहाँ दूसरे टीले के उत्खनन में एक दुर्ग के
अवशेष मिले हैं।
2. आहड़-आहड़ प्राचीन सभ्यता स्थल उदयपुर के पूर्व में बेड़च नदी के किनारे स्थित है। यहां से प्राप्त मकानों की दीवारें पत्थरों एवं मिट्टी से तथा छतें बाँस और केलू से बनी होती थीं। आहड़वासी बर्तन बनाने की कला में निपुण थे। यहाँ से उत्खनन में अनेक सामग्री प्राप्त हुई है। यह ताम्रपाषाण कालीन सभ्यता थी।