हमारी दृष्टि में शिक्षा के स्तर के आधार पर दो राज्यों के मध्य विकास की तुलना का श्रेष्ठ मापदण्ड 'मानव विकास सूचकांक' (HDI) है। इसमें स्वास्थ्य एवं शिक्षा सूचकों का आय के साथ व्यापक प्रयोग किया जाता है। आय का स्तर तुलना के लिए एक महत्त्वपूर्ण मापदण्ड है लेकिन अकेला आय का स्तर विकास को मापने का अपर्याप्त मापदण्ड है। इसमें अन्य मानकों की उपेक्षा हो जाती है। संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) द्वारा प्रकाशित मानव विकास रिपोर्ट में देशों की तुलना लोगों के शैक्षिक स्तर, उनकी स्वास्थ्य स्थिति तथा प्रति व्यक्ति आय के आधार पर की जाती है।
यह तीन सामाजिक सूचकों का एक मिश्रित सूचकांक है-
लम्बा और स्वस्थ जीवन।
ज्ञान प्राप्त करना।
उत्कृष्ट जीवन स्तर।
इनकी गणना इस प्रकार की जाती है-
दीर्घायु-इसे जन्म के समय जीवन प्रत्याशा द्वारा मापा जाता है।
शैक्षिक योग्यताओं की प्राप्ति-इसे वयस्क शिक्षा (2/3 भार) तथा प्राथमिक, माध्यमिक व क्षेत्रीय विद्यालयों में उपस्थिति अनुपातों (1/3 भार) के मिश्रण के रूप में माना जाता है।
जीवन स्तर-इसे डॉलर की क्रय शक्ति पर आधारित वास्तविक प्रति व्यक्ति आय द्वारा मापा जाता है। मानव विकास सूचक इन तीनों आयाम सूचकों का साधारण औसत है।