आर्थिक विकास आर्थिक विकास का तात्पर्य लोगों के जीवन को पहले से बेहतर बनाना है। विकास के अन्तर्गत हम जीवन से जुड़े विभिन्न लक्ष्यों तथा उन्हें प्राप्त करने के उपायों के सम्बन्ध में अध्ययन करते हैं।
विकास के लक्ष्य विकास के प्रमुख लक्ष्य निम्न प्रकार हैं-
आय में वृद्धि विकास का सबसे प्रमुख लक्ष्य आय में वृद्धि करना है। इसमें राष्ट्रीय आय तथा प्रति व्यक्ति आय दोनों में वृद्धि के लक्ष्य को शामिल किया जाता है।
नियमित रोजगार एवं बेहतर मजदूरी-विकास का अन्य महत्त्वपूर्ण लक्ष्य यह है कि लोगों को नियमित रोजगार तथा बेहतर मजदूरी के अवसर उपलब्ध हों, ताकि वे अपने जीवन की सभी अनिवार्य आवश्यकताएँ पूरी कर सकें।
समानता एवं सुरक्षा विकास के अन्तर्गत सभी लोगों के साथ समानता का व्यवहार हो। इसके अतिरिक्त विकास में देश अथवा राज्य में निवास करने वाले सभी लोग अपने आपको सुरक्षित समझें।
शैक्षणिक विकास-विकास के अन्तर्गत देश में शैक्षणिक सुविधाओं का विकास करना महत्त्वपूर्ण लक्ष्य है। शिक्षा के विकास द्वारा मानवीय संसाधनों को अधिक कुशल एवं उत्पादक बनाया जा सकता है।
स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार-देश में स्वास्थ्य सुविधाओं का पर्याप्त विकास एवं विस्तार करना विकास. का प्रमुख लक्ष्य है। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से देश में उत्पादन एवं आय पर अनुकूल प्रभाव पड़ेगा।
सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार-किसी भी देश के विकास का अन्य महत्त्वपूर्ण लक्ष्य देश में सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार करना है, जिससे लोगों की सामूहिक आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके।