प्रमुख खाद्यान्न फसलें भारत में पैदा की जाने वाली प्रमुख खाद्यान्न फसलें निम्नलिखित हैं-
(1) चावल-भारत में अधिकांश जनसंख्या का खाद्यान्न चावल है। भारत विश्व का दूसरा वृहद्तम चावल उत्पादक देश है। यह खरीफ की फसल है। भारत में चावल उत्तर और उत्तर-पूर्वी मैदानों, तटीय क्षेत्रों और डेल्टाई प्रदेशों में उगाया जाता है । नहरों के जाल तथा नलकूपों की सघनता के कारण पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तरप्रदेश तथा राजस्थान में भी चावल पैदा किया जाता है।
(2) गेहूँ-गेहूँ भारत की दूसरी महत्त्वपूर्ण खाद्यान्न फसल है जो कि देश के उत्तर और उत्तर-पश्चिमी भागों में पैदा की जाती है। पंजाब, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, बिहार, राजस्थान तथा मध्यप्रदेश के कुछ भाग गेहूँ पैदा करने वाले मुख्य राज्य हैं।
(3) ज्वार-क्षेत्रफल और उत्पादन की दृष्टि से ज्वार देश की तीसरी महत्त्वपूर्ण खाद्यान्न फसल है। भारत में महाराष्ट्र, कर्नाटक, आन्ध्रप्रदेश और मध्यप्रदेश ज्वार उत्पादक मुख्य राज्य हैं।
(4) बाजरा-राजस्थान बाजरा उत्पादित करने वाला सबसे बड़ा राज्य है। उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और हरियाणा अन्य उत्पादक राज्य हैं।
(5.) रागी-रागी शुष्क प्रदेशों की फसल है। कर्नाटक, तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड, सिक्किम, झारखण्ड तथा अरुणाचल प्रदेश देश में रागी उत्पादक प्रमुख राज्य हैं।
(6) मक्का-यह खरीफ की फसल है। कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, बिहार, आन्ध्रप्रदेश तथा मध्यप्रदेश प्रमुख मक्का उत्पादक राज्य हैं।
(7) दालें भारत विश्व में दालों का सबसे बड़ा उत्पादक तथा उपभोक्ता देश है। अरहर, उड़द, मूंग, मसूर, मटर और चना भारत की मुख्य दलहनी फसलें हैं। इन फसलों को आमतौर पर अन्य फसलों के आवर्तन में बोया जाता है। भारत में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और कर्नाटक दालों के मुख्य उत्पादक राज्य हैं।