संघीय शासन व्यवस्थाओं के गठन के तरीके
संघीय शासन व्यवस्थाएँ आम तौर पर दो तरीकों से गठित होती हैं। यथा-
(1) साथ आकर संघ बनाना (Coming together federation)-इसके अन्तर्गत दो या अधिक स्वतंत्र राष्ट्रों को साथ लेकर एक बड़ी इकाई (राष्ट्र) का निर्माण किया जाता है। संयुक्त राज्य अमेरिका, स्विट्जरलैण्ड इसके प्रमुख उदाहरण हैं। ऐसी संघीय व्यवस्था की प्रमुख विशेषताएँ हैं-
इसमें सभी स्वतंत्र राष्ट्र अपनी संप्रभुता तथा अपनी अलग-अलग पहचान को बनाए रखते हैं।
वे अपनी खुशहाली और सुरक्षा बढ़ाने के रास्तों पर बल देते हैं।
इस तरह की संघीय व्यवस्था वाले देशों में प्रायः प्रान्तों की सरकारों को समान अधिकार होता है और वे केन्द्र की तुलना में अधिक शक्तिशाली होती हैं।
(2) साथ रखकर संघ बनाना (Holding together federation) संघीय व्यवस्था के गठन का दूसरा तरीका है—बड़े देश द्वारा अपनी आंतरिक विविधता को ध्यान में रखते हुए राज्यों का गठन करना और फिर राज्य और राष्ट्रीय सरकार के बीच सत्ता का बँटवारा कर देना । भारत, बेल्जियम और स्पेन इसके उदाहरण हैं।
इस व्यवस्था की प्रमुख विशेषताएँ इस प्रकार हैं-
इसमें राज्यों की तुलना में केन्द्र सरकार अधिक शक्तिशाली होती है।
इस व्यवस्था में यद्यपि विभिन्न राज्यों को समान अधिकार दिये जाते हैं, तथापि विशेष स्थिति में किसी-किसी प्रान्त (राज्य) को विशेष अधिकार भी दिये जाते हैं।