जून, 1992 में विश्व के सौ से भी अधिक राष्ट्राध्यक्ष ब्राजील के शहर रियो-डी-जेनेरो में प्रथम अन्तर्राष्ट्रीय पृथ्वी सम्मेलन में एकत्रित हुए। इस सम्मेलन का आयोजन विश्व स्तर पर उभरते पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक-आर्थिक विकास की समस्याओं का हल ढूँढ़ने के लिए किया गया था। इस सम्मेलन में एकत्रित नेताओं ने भूमण्डलीय जलवायु परिवर्तन और जैविक विविधता पर एक घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर किये। रियो सम्मेलन में भूमण्डलीय वन सिद्धान्तों पर सहमति जताई गई और 21वीं शताब्दी में सतत पोषणीय विकास के लिए 'एजेण्डा 21' को स्वीकृति प्रदान की गई।